Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में ‘स्कूल रुआर 2026 – बैक टू स्कूल’ अभियान को सफल बनाने के लिए समाहरणालय सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की, जिसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सीआरपी, बीआरपी, प्रधानाध्यापक और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान को केवल आंकड़ों तक सीमित न रखकर धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने पंचायत जनप्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताते हुए सभी से व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी ड्रॉप आउट बच्चों को स्कूल में वापस नामांकित किया जाए।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि सबसे अधिक ड्रॉप आउट बच्चों को स्कूल में नामांकित करने वाले व्यक्ति को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे क्षेत्र में टीम बनाकर घर-घर सर्वे करें और स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान कर उनका शीघ्र नामांकन सुनिश्चित करें।
इस अभियान का उद्देश्य 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। इसके तहत आंगनबाड़ी से जुड़े 5 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन कराया जाएगा। साथ ही कक्षा 1 से 11 तक के सभी बच्चों की अगली कक्षा में शत-प्रतिशत नामांकन और उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि अप्रवासी, अनाथ और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को चिन्हित कर उन्हें भी शिक्षा से जोड़ा जाएगा। नव-नामांकित बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और अनुपस्थित छात्रों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 9 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाले इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए तय लक्ष्यों को हर हाल में हासिल किया जाए।
Read Also: Ghatshila News: घाटशिला कॉलेज में पहली बार 16 अप्रैल को मनाया जाएगा बंगला वर्ष वरण उत्सव

