गिरिडीह: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में शनिवार को उपनगरी पचम्बा में संचालित नाइस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल को 14 वर्ष की छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना ने गुरु- शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर दिया है।
प्रिंसिपल स्कूल की कई छात्राओं के साथ पिछले कई दिनों से छेड़छाड़ कर रहा था। कुछ छात्राएं भयवश अपने अभिभावक को नहीं बता पा रही थीं। लेकिन एक पीड़ित छात्रा ने घर लौटकर अपने परिजनों से कहा कि वह स्कूल नहीं जाना चाहती है।
जब परिजनों ने उससे इसका कारण पूछा तो छात्रा ने अपनी मां को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ पचम्बा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले की सूचना मिलते ही एसपी डॉ विमल कुमार ने बगैर देर किए थाना प्रभारी राजीव कुमार को आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे दबोचने के निर्देश दिए।
छह महीनों से छात्राओं से कर रहा था छेड़छाड़
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को दबोच लिया। आरोपित प्रिंसिपल पिछले छह महीनों से छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहा था। 24 अप्रैल 2026 को भी प्रिंसिपल ने एक छात्रा से छेड़छाड़ करते हुए उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। इसके बाद छात्रा ने घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।
आरोपित का नाम मोहम्मद इमामुद्दीन है जो नाइस पब्लिक स्कूल का प्रिंसिपल है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में प्रिंसिपल के खिलाफ आक्रोश है। वार्ड पार्षद संजीव कुमार, पार्षद कृष्णा साव सहित कई लोग पीड़ित छात्रा के परिजनों के साथ शनिवार की सुबह पचम्बा थाना पहुंचे और उन्होंने इस पूरे मामले में शिकायत दर्ज कराई। प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत नाइस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल मोहम्मद इमामुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पार्षद संजीव कुमार सिंह और पार्षद कृष्णा साव ने कहा कि प्रिंसिपल मोहम्मद इमामुद्दीन कई दिनों से ऐसे कुकृत्य कर रहा था। उस पर आरोप है कि उसने कई अन्य छात्राओं के साथ भी इस तरह का व्यवहार किया है। यह बेहद गंभीर मामला है जिसमें नाबालिग की सुरक्षा का सवाल जुड़ा हुआ है। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हर संस्थान की जिम्मेदारी है। पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि नाबालिग छात्रा ने छेड़खानी की प्राथमिकी दर्ज करवाई है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

