Khunti : झारखंड के खूंटी जिले के सोयको थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में भय और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया। एक मामले में दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं दूसरी घटना में एक युवक की संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई।
पहली घटना सायको थाना क्षेत्र की है, जहां 21 वर्षीय विवाहिता ने अपने ही पड़ोसी पर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पीड़िता की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रभात रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दूसरी घटना बलंगा नदी के पास पहाड़ी इलाके से जुड़ी है, जहां एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बुद्धदेव मुंडा के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई और शव को चट्टानों के बीच छिपाने की कोशिश की गई।पुलिस के अनुसार मृतक के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसकी हत्या की गई हो सकती है।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

