RANCHI: रांची के गोंदा थाना क्षेत्र स्थित हातमा बस्ती से चोरी की घटना सामने आई है। जहां चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार घर के लोग अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार सहित बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद पड़े घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया।
परिवार की ओर से पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार चोर घर में रखे करीब 10 से 12 लाख रुपये के जेवरात और 57 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घर में विधवा मां और उसकी बेटी रहती हैं। बेटी की शादी के लिए मां ने जीवन भर की जमा-पूंजी के रूप में ये जेवर और नकदी संभाल कर रखी थी। पिता की मृत्यु के बाद परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था, ऐसे में इस चोरी की घटना ने उन्हें गहरा झटका दिया है। घटना की सूचना मिलते ही गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।

