Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड़ स्थित निर्मल सिंह ढाबा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार पटना से शादी समारोह में शामिल होकर रांची बीआईटी स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
इस हादसे में चंदन कुमार और उनकी मां विद्या देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चंदन कुमार की पत्नी अंकिता देवी और उनके पिता महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के पीछे तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

