चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित बिरुवा नगर में रविवार की रात जिला परिषद सदस्य जवाहर बोईपाई के दो बेटों पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार घटना बिरुवा नगर स्थित होरा प्ले स्कूल के पास जवाहर बोईपाई के किराए के मकान में हुई। रात के समय 8 से 10 की संख्या में पहुंचे युवकों ने जवाहर बोईपाई के पुत्र विजय सिंह बोईपाई और पासिंग बोईपाई पर लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला किया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए। घायलों ने बताया कि हमलावरों के हाथों में धारदार चाकू थे। घटना के दौरान एक हथियार की तस्वीर भी ली गई है। हमले के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए।
सदर अस्पताल में चल रहा दोनों घायलों का इलाज
सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य जवाहर बोईपाई गांव से चाईबासा पहुंचे। उन्होंने दोनों घायल बेटों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है। शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं।
फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।
आरोपियों की पहचान करने को तलाशे जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों का बयान दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।

