Home » Jharkhand Crime: कुख्यात झांगुर ग्रुप का सरगना रामदेव समेत 3 ने किया सरेंडर; कहा- अब सामान्य जीने की है इच्छा

Jharkhand Crime: कुख्यात झांगुर ग्रुप का सरगना रामदेव समेत 3 ने किया सरेंडर; कहा- अब सामान्य जीने की है इच्छा

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची और गुमला पुलिस की संयुक्त पहल से झारखंड में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोह को बड़ा झटका लगा है। झांगुर ग्रुप के प्रमुख और पांच लाख रुपये के इनामी अपराधी रामदेव उरांव ने शनिवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उसके साथ संगठन से जुड़े दो अन्य सदस्य प्रसाद उरांव और सुबास उरांव ने भी हथियारों सहित सरेंडर किया है। तीनों ने हिंसा और अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन जीने की इच्छा जताई है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रामदेव उरांव अपने सहयोगियों के साथ रांची और गुमला की सीमा के आसपास मौजूद है तथा आत्मसमर्पण करने की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद दोनों जिलों की पुलिस ने समन्वय बनाकर विशेष अभियान शुरू किया। बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम और गुमला पुलिस की टीम ने सीमा क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी।

पुलिस सख्ती के कारण डाल दिए हथियार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान तीनों ने स्वयं को झांगुर ग्रुप का सदस्य बताते हुए पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा कि वे झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं।

आत्मसमर्पण के समय पुलिस ने उनके पास से एक स्वचालित हथियार, एक एसएलआर रायफल, दो मैगजीन और 45 कारतूस बरामद किए। बरामद हथियारों और गोला-बारूद को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

रामदेव उरांव गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के देवरागानी गांव का निवासी है। वह लंबे समय से पुलिस की सूची में वांछित अपराधी था। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी, अवैध हथियार रखने और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोपों में करीब 29 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।

पुलिस का मानना है कि रामदेव उरांव के आत्मसमर्पण से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि जो लोग अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Read Also : Bus Fare Hike: महंगा होगा सफर, 01 जून से 30 प्रतिशत तक बढ़ेगा बस किराया; यहां देखें रेट चार्ट


Related Articles

Leave a Comment