रांची : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राज्य में यह उनका पहला दौरा है। उनका आधिकारिक कार्यक्रम तय हो गया है। 06 एवं 07 जून को वे झारखंड दौरा पर रहेंगे।
उक्त जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने दी। उन्होंने बताया कि इन दो दिनों में कई कार्यक्रमों और सांगठनिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष हिस्सा लेंगे।
बाउरी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 06 जून को पूर्वाह्न 11.30 बजे सेवा विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट के समीप ही उनका पौधारोपण का कार्यक्रम है।
इसके बाद भारत रत्न स्व.कर्पूरी ठाकुर, धरती आबा बिरसा मुंडा, स्व. कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जाएंगे। इसके बाद उनका आगमन भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा। इसी दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 07 जून को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कूचू, ओरमांझी स्थित आवास पर जाएंगे जहां उनका अल्पाहार होगा। इस दिन ही युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा कई सांगठनिक बैठकों में भाग लेने का कार्यक्रम है। सात जून की रात्रि में वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
Read Also: Bus Fare Hike: महंगा होगा सफर, 01 जून से 30 प्रतिशत तक बढ़ेगा बस किराया; यहां देखें रेट चार्ट

