Jamshedpur : जमशेदपुर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच मानगो थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपित फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में मो. शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो. अयान और मो. नसीम अख्तर शामिल हैं। वहीं नयाब मुस्तफा और सरफराज अली पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
जानकारी के अनुसार मानगो थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के पास कुछ युवक संदिग्ध परिस्थिति में खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनके पास मौजूद बाइक संख्या जेएच05एजे-4340 के कागजात मांगे। युवक वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपितों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर खरीदने और बेचने का कारोबार करता था।
शनिवार को मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि मामले की गहराई से जांच करने पर वाहन चोरी के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल गिरोह के नेटवर्क और उसके अन्य सदस्यों के संबंध में जांच जारी है।

