
रांची : सिद्धो-कान्हो कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ लिमिटेड (सिद्धकोफेड) ने राज्यभर के जिला सहकारी संघ कार्यालयों में कुल 72 संविदा पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। भर्ती ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। इसके लिए झारखंड एजेंसी फॉर प्रमोशन ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (जैप-आईटी) के माध्यम से आवेदन पोर्टल तैयार किया गया है।
हर जिले में तीन-तीन पदों पर होगी नियुक्ति
आधिकारिक पत्र के अनुसार प्रत्येक जिले में तीन-तीन पदों पर नियुक्ति होगी। चयनित अभ्यर्थी जिला स्तर पर कार्यालय संचालन, किसानों और लघु वनोपज से जुड़े कार्यों का समन्वय, अभिलेखों का संधारण, योजनाओं की निगरानी, डाटा प्रबंधन तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों का दायित्व संभालेंगे।
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद प्रत्येक श्रेणी में लिखित परीक्षा के आधार पर शीर्ष तीन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के बाद साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। पूरी चयन प्रक्रिया सिद्धकोफेड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) की निगरानी में गठित भर्ती समिति की देखरेख में संपन्न होगी।
चयन के लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। इसमें लिखित परीक्षा के 50 अंक, साक्षात्कार के 20 अंक, शैक्षणिक योग्यता के 20 अंक तथा कार्य अनुभव के 10 अंक शामिल हैं।ऑनलाइन आवेदन 10 जुलाई तक किए जा सकते हैं। लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को होगी। भर्ती से संबंधित विस्तृत पात्रता, पदों का विवरण और अन्य शर्तें भी तय की गई है।

