RANCHI: नव वर्ष के स्वागत और वर्ष 2025 के अंतिम दिन जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिलेभर में दण्डाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन का मुख्य फोकस पर्यटक स्थलों, पिकनिक स्पॉट्स और भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी 31 दिसंबर को दशम फॉल, जोन्हा फॉल, हुंडरू फॉल समेत विभिन्न डैम, नदी, जलाशय और जलप्रपातों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में बिना लाइफ जैकेट के बोटिंग, तैराकी और जलक्रीड़ा करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नशे की हालत में गाड़ी चलाने और रैश ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सघन जांच की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जब्त कर चालकों को पैदल भेजा जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की विशेष निगरानी टीम तैनात की गई है।
निगरानी के लिए टीम तैनात
जलप्रपातों के खतरनाक और फिसलन वाले क्षेत्रों में लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दशम फॉल सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर स्थानीय गोताखोरों को तैनात किया है, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य किया जा सके। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिविल सर्जन रांची द्वारा चार एम्बुलेंस, चिकित्सक, मेडिकल टीम और जीवन रक्षक दवाओं की व्यवस्था 31 दिसंबर की सुबह से 1 जनवरी 2026 तक जिला नियंत्रण कक्ष में की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नव वर्ष का स्वागत जिम्मेदारी और शांति के साथ करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना से संपर्क करें।

