Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शनिवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्वाचन कार्यों के समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के संकलन, नए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक घर तक पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
मास्टर प्रशिक्षकों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया, विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग, डेटा संधारण और क्षेत्रीय सत्यापन के तरीकों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ और पर्यवेक्षकों को अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों का भ्रमण करने, जरूरत पड़ने पर नजरी नक्शे में संशोधन करने तथा अनमैप्ड वोटर सूची की एक प्रति मतदान केंद्र पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें – एमजीएम और सदर अस्पताल की निगरानी के लिए नोडल पदाधिकारी नियुक्त, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का निर्देश

