
Jamshedpur : यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनका संबंध किसी संगठित चोरी गिरोह से है या नहीं।
बुधवार रात मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर और ट्रेनों में विशेष गश्त कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा–हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस के जनरल कोच से दो युवक चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर कूदकर तेजी से भागते हुए दिखाई दिए।
दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ जवान तुरंत सक्रिय हो गए। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू हुई। कुछ देर बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर घूमते मिले, जहां संयुक्त टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान समीर मुखी (20), सावन मुंडा (17) और शेखर सिंह उर्फ पाजी (20) के रूप में बताई। तीनों परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए। शुरुआती जांच में सामने आया कि ये मोबाइल ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से चोरी किए गए थे। इसके बाद बरामद मोबाइल जब्त कर तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटानगर को सौंप दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या वे किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हैं और क्या उन्होंने पहले भी ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने की।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

