
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार रात चाकू के बल पर छिनतई की घटना सामने आई है। बागबेड़ा रेलवे स्कूल के सामने तीन बदमाशों ने 28 वर्षीय गोलगप्पा विक्रेता आकाश कुमार के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर उसकी जेब में रखे रुपये छीनकर फरार हो गए।
गौरतलब है कि बागबेड़ा निवासी आकाश कुमार काम खत्म करने के बाद गोलगप्पे का थैला लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे स्कूल के सामने एक युवक ने उसे रोककर टाइम पूछा। आकाश के रुकते ही युवक ने उससे पैसे निकालने को कहा।
आकाश ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि तीनों बदमाशों ने आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चाकू से हमला किया गया और एक आरोपी ने उसका मुंह दबाने का भी प्रयास किया।
इसके बाद बदमाश आकाश की जेब में रखे रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल आकाश कुमार बागबेड़ा थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
Read also – Jamshedpur News: मानगो के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए उठे हाथ, घर तक पहुंची सहायता


