
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का एमजीएम थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के प्रयास में रंगेहाथ पकड़े गए एक आरोपी की निशानदेही पर चांडिल और बागुनहातु से उसके चार अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है। पांचों आरोपियों के पास से एक नीले रंग की स्कूटी, सोने का लॉकेट, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन, नकद राशि समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम भी शामिल है। उसे मंगलवार रात करीब 10 बजे एमजीएम अस्पताल के पांचवें तल्ले पर नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने एक मरीज के परिजन की जेब काटने का प्रयास करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद उसे एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल से दो और बागुनहातु से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह पिछले एक महीने में अस्पताल में हुई चोरी की एक दर्जन से अधिक घटनाओं में शामिल हो सकता है।
कपड़े बदलकर बदल लेता था पहचान
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि चोरी करने के बाद मुख्य आरोपी अस्पताल परिसर में ही अपने कपड़े बदल लेता था, ताकि सीसीटीवी फुटेज और लोगों की नजर में उसकी पहचान आसानी से न हो सके। वह अस्पताल के अलग-अलग तल्लों पर घूमकर मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं। आरोपी की पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदलने की चाल भी जांच के दौरान सामने आई है।
अटेंडेंट से झगड़े के बाद बढ़ा शक
बताया गया कि आरोपी का अस्पताल के एक अटेंडेंट से झगड़ा भी हुआ था। इस दौरान जब उससे पूछा गया कि उसका मरीज कहां भर्ती है, तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। इससे अस्पताल कर्मियों को उस पर संदेह हुआ। बाद में सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से वह चोरी का प्रयास करते हुए पकड़ लिया गया।
ब्लेड से काटता था जेब, दूसरी मंजिल पर भी की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर सावन ने अस्पताल की दूसरी मंजिल पर एक मरीज के परिजन की जेब काटकर 150 रुपये चुरा लिए थे। रात में वह पांचवें तल्ले पर फर्श पर सो रहे एक मरीज के परिजन की जेब काटने पहुंचा, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
उसके पास से 150 रुपये, चिलम, गांजा और ब्लेड बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ब्लेड की मदद से जेब काटकर पर्स और कीमती सामान निकालता था। जिस व्यक्ति की जेब काटने का उसने प्रयास किया था, उसने अपना मोबाइल मरीज के बेड पर रख दिया था, इसलिए आरोपी केवल नकदी ही निकाल सका।
सीसीटीवी फुटेज और पुरानी एफआईआर खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बुधवार को एमजीएम अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज का रिकॉर्ड लिया और चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए। थाना में पहले से दर्ज चोरी की प्राथमिकी के आधार पर शिकायतकर्ताओं और पीड़ितों के बयान भी लिए गए हैं।
बरामद मोबाइल फोन, गहनों और अन्य सामान का मिलान पूर्व में दर्ज चोरी की घटनाओं से किया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान किन पीड़ितों का है और आरोपियों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है।
अस्पताल में हुईं चोरी की कई घटनाएं
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के सोमायझोपड़ी निवासी शंकर मल्लिक ने बताया कि मंगलवार शाम करीब आठ बजे अस्पताल की पहली मंजिल पर सोने के दौरान किसी ने उनकी जेब काटकर 2100 रुपये चुरा लिए।
वहीं, कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा चिटाईडीह निवासी स्वपन गोप के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी जेब से 1500 रुपये चोरी हो गए।
मानगो निवासी अष्टमी महतो ने पुलिस को बताया कि एमजीएम अस्पताल की पहली मंजिल के बेड नंबर 134 पर भर्ती उनके बेटे के तकिए के नीचे रखा करीब 35 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन चोरी हो गया।
पूछताछ में गिरोह के अस्पताल के अलावा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चोरी और महिलाओं के गले से छिनतई जैसी घटनाओं में शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।


