
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुज़रने वाले हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर बीती रात एक विशाल दंतैल हाथी के अचानक पटरी पर आ जाने से हड़कंप मच गया। घटना बंडामुंडा रेलवे स्टेशन के निकट आर केबिन के पास रात करीब 9 बजे की है।
अंधेरे के बीच मुख्य लाइन पर हाथी को मौजूद देख वहां तैनात रेल कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस मार्ग पर रेल यातायात तुरंत रोक दिया गया।मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद रेलकर्मियों और वनकर्मियों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद दंतैल हाथी को सुरक्षित तरीके से पटरी से खदेड़कर पास के लोहांडा जंगल की दिशा में हांका गया। इस पूरे घटनाक्रम के चलते हावड़ा-मुंबई जैसे अति-व्यस्त रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही लगभग 45 मिनट तक पूरी तरह बाधित रही। इस दौरान कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस, पैसेंजर और मालगाड़ियों को आसपास के अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ा रखना पड़ा, जिससे रेल यात्रियों को काफी असुविधा झेलनी पड़ी।
हाथी के जंगल में चले जाने और ट्रैक पूरी तरह साफ होने के बाद रेल परिचालन बहाल कर दिया गया। हालांकि, हादसे की आशंका को टालने और सुरक्षा के मद्देनजर रात भर व सुबह तक इस क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाया गया। ट्रेनों को कॉशन ऑर्डर और धीमी गति (स्पीड कंट्रोल) के साथ चलाया गया।
उल्लेखनीय है कि बंडामुंडा और उससे सटे इलाके हाथियों के आवागमन (एलिफेंट कॉरिडोर) के लिए जाने जाते हैं। इस क्षेत्र में अक्सर हाथियों का झुंड या अकेला हाथी रेलवे ट्रैक के आसपास भटकता हुआ पहुंच जाता है।

