Home » Jamshedpur JCAPCPL bonus : 144 कर्मचारियों को मिलेगा 20% बोनस, बंटेगी 1 करोड़ से अधिक की राशि

Jamshedpur JCAPCPL bonus : 144 कर्मचारियों को मिलेगा 20% बोनस, बंटेगी 1 करोड़ से अधिक की राशि

17 सितंबर से पहले बैंक खातों में पहुंचेगी बोनस की रकम, औसतन 69,726 और अधिकतम 74,859 रुपये मिलेगा

by Arvind Shrivastava
Jamshedpur JCAPCPL bonus
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटा स्टील और जापानी स्टील कंपनी निप्पन की संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल (JCAPCPL) के 144 कर्मचारियों के लिए इस वर्ष बोनस को लेकर समझौता हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रबंधन और जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन के बीच हुए समझौते के तहत कर्मचारियों को बेसिक और डीए का 20 प्रतिशत बोनस मिलेगा। कुल 1,00,40,473 रुपये की बोनस राशि कर्मचारियों के बीच वितरित की जाएगी। बोनस की राशि 17 सितंबर से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।

समझौते के अनुसार कर्मचारियों को औसतन 69,726 रुपये बोनस मिलेगा, जबकि अधिकतम बोनस राशि 74,859 रुपये निर्धारित की गई है। बोनस समझौते को लेकर कंपनी के बोर्ड रूम में प्रबंधन और यूनियन के बीच बैठक हुई, जिसमें कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन के साथ सुरक्षा, उत्पादकता, ग्राहक संतुष्टि और कन्वर्जन कॉस्ट समेत विभिन्न मानकों की समीक्षा की गई। कंपनी के प्रदर्शन को इन क्षेत्रों में बेहतर माना गया, जिसका असर बोनस राशि पर भी पड़ा।

पिछले वर्ष से बढ़ी बोनस राशि

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में कर्मचारियों के बीच करीब 88 लाख रुपये बोनस के रूप में वितरित किए गए थे। उस समय अधिकतम बोनस 60,690 रुपये और न्यूनतम 51,360 रुपये था। इस वर्ष कुल बोनस राशि एक करोड़ रुपये से अधिक हो गई है और अधिकतम बोनस भी बढ़कर 74,859 रुपये हो गया है।

जीरो एलटीआई रही प्रमुख उपलब्धि

कंपनी के प्रदर्शन में इस वर्ष जीरो एलटीआई (लॉस टाइम इंजरी) एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। कार्यस्थल पर ऐसी कोई दुर्घटना नहीं हुई, जिसके कारण कर्मचारी को काम से अनुपस्थित रहना पड़े। यूनियन अध्यक्ष आर. रवि प्रसाद ने इसे कर्मचारियों के अनुशासन, समर्पण और सतर्कता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि बिना किसी दुर्घटना के उत्पादन कार्य को पूरा करना पूरी टीम के लिए गर्व की बात है। सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन को भी बोनस समझौते में महत्व दिया गया।

प्रबंधन और यूनियन ने किए हस्ताक्षर

समझौते पर प्रबंधन की ओर से एमडी कपिल मोदी, कार्यकारी निदेशक अकीहिको तनिगुची, सीएफओ प्रवीण एस. हेगड़े, सीएचआरओ विकास कुमार, जीएम सिद्धार्थ मिश्रा, जीएम किरीट बी. दक्सिनी, डिवीजनल मैनेजर गौतम मुखर्जी और एडीएम तौसीफ इकबाल ने हस्ताक्षर किए।
यूनियन की ओर से अध्यक्ष आर. रवि प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष शहनवाज आलम, उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन सिंह, महासचिव रवि कुमार, सहायक महासचिव संजीव कुमार महतो, कोषाध्यक्ष मंडापति चिरंजीवी, सलाहकार मदन लाल परदेशी निषाद तथा कमेटी मेंबर प्रद्युम्न कुमार, जी. भोला नाथ और मनीष गुप्ता ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।

Related Articles