Home » Jharkhand Weather : रांची समेत कई जिलों में बारिश जारी, सितंबर में ही पूरा हुआ आधे से ज्यादा वर्षा का कोटा

Jharkhand Weather : रांची समेत कई जिलों में बारिश जारी, सितंबर में ही पूरा हुआ आधे से ज्यादा वर्षा का कोटा

by Rakesh Pandey
Jharkhand Weather news
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह भी बारिश का दौर जारी है। राजधानी रांची, खूंटी और सरायकेला-खरसावां सहित कई जिलों में शुक्रवार को देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। सुबह के समय कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी राहत मिली। मौसम केंद्र रांची के अनुसार राज्य में अगले कई दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर अलग-अलग इलाकों में जारी रह सकता है। हालांकि आज दोपहर के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

रांची में मानसून की बारिश ने पार किया 1000 मिलीमीटर का आंकड़ा

रांची में इस वर्ष मानसून के दौरान बारिश का आंकड़ा 1000 मिलीमीटर के पार पहुंच गया है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार 1 जून से 11 सितंबर तक राजधानी में कुल 1043 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य वर्षा का आंकड़ा 910.1 मिलीमीटर है। इस लिहाज से रांची में अब तक सामान्य से करीब 15 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है।

शुक्रवार सुबह 7:30 बजे तक रांची में 6.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण राजधानी उन जिलों में शामिल हो गई है जहां इस मानसून में वर्षा सामान्य से अधिक रही है। बारिश का यह आंकड़ा जून से सितंबर के बीच लगातार सक्रिय रहे मानसून की स्थिति को दर्शाता है।

सितंबर में 11 दिन में 141 मिलीमीटर बारिश

सितंबर में भी झारखंड में बारिश का सिलसिला तेज रहा है। राजधानी रांची में पूरे सितंबर महीने के दौरान सामान्य वर्षा करीब 212 मिलीमीटर मानी जाती है। 11 सितंबर तक ही लगभग 141 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है। यानी महीने की सामान्य वर्षा का करीब 66 प्रतिशत हिस्सा केवल शुरुआती 11 दिनों में ही पूरा हो गया।

अब सितंबर की सामान्य वर्षा का आंकड़ा पूरा करने के लिए करीब 71 मिलीमीटर बारिश की जरूरत है। मौसम विभाग के 17 सितंबर तक के पूर्वानुमान को देखते हुए आने वाले दिनों में भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में सितंबर की सामान्य वर्षा का आंकड़ा पार होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव से झारखंड में बारिश

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम मध्य हिस्से तथा दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून की द्रोणिका के प्रभाव से झारखंड में नमी का प्रवाह बना हुआ है। इन्हीं मौसमी परिस्थितियों के कारण रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है।

हालांकि निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़ा परिसंचरण धीरे-धीरे ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके असर से 12 सितंबर की दोपहर के बाद झारखंड में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं। 13 सितंबर से कई इलाकों में धूप निकलने की संभावना जताई गई है।

झारखंड में बारिश के बाद बढ़ सकता है तापमान

अगले 24 घंटे के दौरान झारखंड के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। बारिश और बादलों के कारण फिलहाल मौसम में राहत बनी रह सकती है। इसके बाद अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 20 सितंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं रुक-रुककर हल्की बारिश होने की संभावना बनी रह सकती है। यानी बारिश की तीव्रता कम होने के बाद भी मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना नहीं है।

Read ALso- Tinplate Division:जमशेदपुर में बड़ा हादसा, टिनप्लेट प्लांट में मशीन की चपेट में आने से ठेका मजदूर की मौत

Related Articles

Leave a Comment