
Jamshedpur : बरसोल थाना क्षेत्र के कुमारडुबी पंचायत अंतर्गत कुमारडुबी गांव में मामूली बात को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेश कुमार दास ने आरोप लगाया है कि घर में जूता पहनकर आने से मना करने पर विवाद शुरू हुआ और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
राजेश कुमार दास के मुताबिक वह अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने आरोपियों को जूता पहनकर घर के अंदर आने से मना किया। इस बात को लेकर आरोपी नाराज हो गए और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद तीन लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले में ईंट से चोट लगने के कारण राजेश घायल हो गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी छोटी बेटियों खुशी दास और आरुषि दास को भी निशाना बनाया। दोनों बच्चियों पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़ित ने हमले में शामिल होने का आरोप विजय दत्ता, बिहारी दत्ता और राहुल दत्ता पर लगाया है। घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने सोमवार सुबह बरसोल थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिवार ने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

