
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा खदान में कार्यरत कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सशक्त संयुक्त मोर्चा के अथक प्रयासों से इस माह मजदूरों को पिछले पांच महीनों के इंसेंटिव रिवॉर्ड का भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई है। जानकारी के अनुसार इस भुगतान से प्रत्येक मजदूर के वेतन में लगभग 2 हजार रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक का अतिरिक्त लाभ मिलने की संभावना है। इंसेंटिव रिवॉर्ड के साथ-साथ क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस की राशि में भी बढ़ोतरी का लाभ कर्मियों को मिलने जा रहा है। बताया गया है कि वर्तमान राशि के अतिरिक्त करीब 1,750 रुपये से लेकर 2,500 रुपये तक की राशि क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस के रूप में वेतन में भुगतान किया जाना तय किया गया है।
लंबे समय से चल रही थी इंसेंटिव रिवॉर्ड और क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस की मांग
संयुक्त मोर्चा की ओर से कहा गया है कि इन दोनों मदों में मिलने वाले अतिरिक्त लाभ से गुवा खदान में कार्यरत कर्मचारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। लंबे समय से इंसेंटिव रिवॉर्ड और क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस को लेकर कर्मियों में मांग और चर्चा चल रही थी। मोर्चा लगातार प्रबंधन से इस मुद्दे पर वार्ता कर रहा था।
इंसेंटिव रिवॉर्ड और क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस मिलने से मजदूर वर्ग को मिलेगा सहारा
मोर्चा के प्रयासों के बाद अब इस माह के वेतन में दोनों लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की है कि प्रबंधन द्वारा निर्धारित राशि का भुगतान समय पर किया जाएगा। बढ़ती महंगाई के दौर में इस अतिरिक्त राशि से मजदूर वर्ग को काफी सहारा मिलेगा।

