
दुमका/बासुकीनाथ: तालझारी थाना क्षेत्र के नारगंजो के समीप बासुकीनाथ-देवघर मुख्य सड़क पर गुरुवार को तेज रफ्तार पिकअप और अनियंत्रित ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि नौ यात्री घायल हो गए। घायलों में छह का इलाज देवघर सदर अस्पताल और तीन का दुमका में कराया जा रहा है।
हादसे में सरैयाहाट थाना क्षेत्र के धौनी गांव निवासी 52 वर्षीय रामाशंकर पंडा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भागलपुर जिले के उदयरामपुर निवासी नाटू महलदार को गंभीर हालत में देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरे मृतक की पहचान पंकज कुमार उर्फ पंकज महलदार के रूप में हुई है।
घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रमिला देवी और कुसुम देवी समेत अन्य को बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर किया गया। घायलों के सिर, जबड़े, हाथ-पैर समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह और तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

