
गिरिडीह : गिरिडीह विधायक और पूर्व मंत्री दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्धकर्म (द्वादश) में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई दिग्गज नेता उनके गिरिडीह स्थित आवास पहुंचे। बोडो हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सीएम और अन्य मंत्री सीधे हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन गए, जहां उन्होंने सुदिव्य सोनू की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया।
परिजनों से मिलकर दुख साझा करते हुए मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, सोनू जी का जाना न सिर्फ गिरिडीह बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक ऐसा नुकसान है जिसकी भरपाई मुमकिन नहीं है। वे झामुमो के मजबूत सिपाही थे। उनसे मेरा सिर्फ राजनीतिक ही नहीं, बल्कि काफी गहरा व्यक्तिगत रिश्ता भी था।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने संगठन से लेकर सरकार तक हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उनके अचानक चले जाने से जो खालीपन आया है, उसे भरना आसान नहीं होगा।
कार्यक्रम में शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, दीपक बिरुआ, इरफान अंसारी और हफीजुल हसन जैसे मंत्रियों के अलावा कोडरमा विधायक नीरा यादव भी मौजूद रहीं। सभी नेताओं ने उनके परिजनों को इस कठिन समय में सांत्वना दी। इस दौरान पूरा परिसर समर्थकों की मौजूदगी और शोक में डूबा नजर आया।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों और झामुमो कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। उपस्थित नेताओं ने संकल्प दोहराया कि सुदिव्य सोनू के विकास कार्यों और उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Read Also: SSC Teacher Recruitment: क्या सही में अभ्यर्थियों ने डाला गलत पासवर्ड…,सच जानने को हाईकोर्ट ने IT एक्सपर्ट्स को किया तलब

