Home » Dhanbad News: धनबाद के छाताबाद में फिर धंसी जमीन, आधा दर्जन मकान धराशाई, सड़क पर आ गए लोग

Dhanbad News: धनबाद के छाताबाद में फिर धंसी जमीन, आधा दर्जन मकान धराशाई, सड़क पर आ गए लोग

दो महीने में तीसरी बार धंसी जमीन,छाताबाद के 500 लोग सुरक्षित ठिकाने की तलाश में

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​धनबाद : कतरास स्थित छाताबाद क्षेत्र में एक बार फिर कुदरत और इंसानी लापरवाही का खौफनाक मंजर देखने को मिला। बुधवार की शाम अचानक जमीन धंसने से करीब आधा दर्जन मकान पलक झपकते ही मलबे में तब्दील हो गए। इस हादसे के बाद आसपास के 55 घरों पर सीधा खतरा मंडराने लगा है।

दरारों की वजह से पूरा इलाका सहमा हुआ है। लगभग 500 लोग अपना बसा-बसाया संसार छोड़कर सुरक्षित ठिकाने तलाशने पर मजबूर हैं। लोग घरों से अपना जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित जगहों पर भाग रहे हैं, जबकि कई परिवार इस भयानक ठंड और अनिश्चितता के बीच खुले आसमान के नीचे रात काटने को विवश हैं।

​यह कोई पहली बार नहीं है जब छाताबाद के निवासियों ने ऐसा खौफनाक मंजर देखा हो। बीते दो महीनों में यह तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी इसी तरह जमीन धंसी थी। पिछली घटनाओं के पीड़ितों को जिस सामुदायिक भवन में शरण दी गई थी, वह इमारत भी इस बार की भू-धंसान की जद में आकर जमींदोज हो गई। सड़कों पर चौड़ी-चौड़ी दरारें साफ बता रही हैं कि जमीनी सतह के नीचे का ढांचा पूरी तरह खोखला हो चुका है, जिससे निवासियों में गहरी दहशत है।

पुनर्वास की मांग को लेकर फूटा जनआक्रोश

​इस आपदा ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड प्रबंधन की पोल खोलकर रख दी है। बेघर हुए परिवारों का सीधा आरोप है कि पिछली बार हुए हादसों के बाद प्रशासन और बीसीसीएल ने पुनर्वास और प्रभावित इलाकों की भराई (स्टोविंग) के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। स्थानीय पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे विरोध-प्रदर्शनों के बाद बीसीसीएल ने क्षेत्र का सर्वे कराने और सुरक्षित स्थान देने का भरोसा दिलाया था, जो सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहा।

​घटना की सूचना मिलने पर बाघमारा के अंचलाधिकारी गिरजानंद किस्कु ने प्रभावित स्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पहली प्राथमिकता बेघर हुए लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है। इसके तुरंत बाद बीसीसीएल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की जाएगी ताकि समस्या का कोई ठोस और स्थायी समाधान निकल सके। हालांकि, बार-बार मिल रहे आश्वासनों से तंग आ चुके स्थानीय लोग अब केवल ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Read Also: Jamtara Road Accident : सड़क किनारे पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत 

 

 

 

Related Articles

Leave a Comment