Home » Ghatshila News : अस्पताल ले जाने को कह रही थी मां, कलयुगी बेटे ने उतार दिया था मौत के घाट; गिरफ्तार

Ghatshila News : अस्पताल ले जाने को कह रही थी मां, कलयुगी बेटे ने उतार दिया था मौत के घाट; गिरफ्तार

Ghatshila News : लकड़ी के कुंदे से किया था हमला, चीख के साथ शांत हो गया था वृद्धा का शरीर

by Anurag Ranjan
Ghatshila Mother Murder Case
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ghatshila : घाटशिला थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी, काशीदा में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपनी ही मां की लकड़ी के कुंदे से प्रहार कर बेरहमी से हत्या करने और साक्ष्य छुपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका उमा गोस्वामी (लगभग 55 वर्ष), जो अनुमंडल अस्पताल घाटशिला की सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थीं, का सड़ा-गला शव उनके ही घर के कमरे से बरामद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र गोवर्धन गोस्वामी (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का कुंदा भी बरामद कर लिया है।

पड़ोसियों को हुआ शक, बेटी के पहुंचने पर खुला राज

जानकारी के अनुसार, मृतका उमा गोस्वामी अपने बेटे गोवर्धन के साथ काशीदा स्थित आवास में रहती थीं। परिजनों के मुताबिक, आरोपी गोवर्धन का स्वभाव काफी चिड़चिड़ा व गुस्सैल था और वह अक्सर मां के साथ झगड़ा करता रहता था। 19 से 21 सितंबर के दौरान पड़ोसियों को घर से कोई हलचल न दिखने पर उन्होंने मृतका की बड़ी बेटी प्रमिला सिंह (निवासी नरसिंहगढ़, धालभूमगढ़) को सूचना दी। 21 सितंबर की रात जब प्रमिला अपने परिजनों के साथ पहुंची, तो घर अंदर से बंद था। बेटे द्वारा दरवाजा खोले जाने पर अंदर से भीषण बदबू आ रही थी। कमरे में जाकर देखा तो फर्श पर उमा गोस्वामी का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा था।

तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाने की जिद करने पर की हत्या

पूछताछ में आरोपी गोवर्धन ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि 19 सितंबर की सुबह करीब 8:00 बजे उसकी मां की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। जब मां ने अस्पताल ले जाने के लिए उस पर चिल्लाना व डांटना शुरू किया, तो उसने गुस्से में आकर लकड़ी के भारी कुंदे से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

शव के साथ उसी मकान में रह रहा था आरोपी

हत्या के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को अंदर ही छोड़ दिया। वह पिछले 3-4 दिनों से उसी मकान के दूसरे कमरे में सो रहा था और बाहर से खाना खाकर वापस कमरे में आकर छिप जाता था।

पुलिस की कार्रवाई

मृतका की बेटी प्रमिला सिंह की शिकायत पर घाटशिला थाने में कांड संख्या 56/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) एवं 238(a) (साक्ष्य छुपाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडल अस्पताल घाटशिला के माध्यम से एमजीएम (MGM) अस्पताल भेजा। छापेमारी दल में थाना प्रभारी भूषण कुमार, सब-इंस्पेक्टर (एस.आई.) सह अनुसंधानकर्ता प्रेम कुमार निषाद, एस.आई. उमेश कुमार, एस.आई. पंकज कालिंदी, ए.एस.आई. नरेन्द्र सिंह व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Read Also: Ghatshila News: घाटशिला में कलयुगी बेटे की करतूत: मां की हत्या कर तीन दिन शव के साथ रहा

Related Articles