
रांची : पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर झारखंड प्रदेश भाजपा ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय और पंडित दीनदयाल नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी नेताओं ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा ने जयंती को अंत्योदय दिवस के रूप में मनाया और उनके विचारों व आदर्शों को याद किया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। वे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास और उन्नति के लिए हमेशा प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उनकी विचारधारा को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब, शोषित और वंचित वर्ग तक पहुंच रहा है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्र प्रथम के आदर्शों और उच्च नैतिक मूल्यों का हमेशा पालन करते थे। उनका पूरा जीवन त्याग, तपस्या और सेवा भाव से भरा रहा। वे अंत्योदय के प्रणेता थे और वसुधैव कुटुंबकम तथा एकात्म मानववाद का विचार दिया। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का उनका संकल्प जनसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दीनदयाल उपाध्याय अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर आगे बढ़े। 1937 में संघ से जुड़कर उन्होंने अपना जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित कर दिया। राष्ट्रधर्म और पांचजन्य जैसी पत्रिकाओं के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, अमर कुमार बाउरी, विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमरदीप यादव, सुनीता सिंह, शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, उपमेयर नीरज कुमार समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

