
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने गुम हुए मोबाइल की बरामदगी में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के विशेष निर्देश पर चलाए गए अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इन सभी फोन को उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिया गया।
CEIR पोर्टल और तकनीकी टीम का योगदान
यह पूरी कार्रवाई डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस की तकनीकी शाखा ने अत्याधुनिक CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और ‘संचार साथी’ ऐप का उपयोग करते हुए IMEI नंबर के आधार पर गुम हुए मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की। इसके माध्यम से महीनों से लापता फोन को अलग-अलग स्थानों से सफलतापूर्वक बरामद किया गया।
भावुक क्षण और पुलिस का आभार
मोबाइल वितरण कार्यक्रम एसडीपीओ सदर राजकुमार जयराजू, एसडीपीओ बहामन टुटी और डीएसपी पूजा कुमारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। जब लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले तो कई लोग भावुक हो गए और सभी ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
आम जनता के लिए पुलिस की महत्वपूर्ण सलाह
जिले में लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए एसपी ने तकनीकी टीम को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इस सफलता के बाद पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत अपने नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही Sanchar Saathi App या CEIR पोर्टल पर भी ऑनलाइन रिपोर्ट करें, जिससे फोन की लोकेशन ट्रेस करना आसान हो जाता है और भीड़भाड़ वाले स्थानों, पुलिस ने कहा कि दूसरे जिले से मोबाइल चोरी करने के लिए चोर आते हैं। इसलिए बाजारों और बस स्टैंडों पर अपने कीमती सामानों के प्रति सतर्क रहें और लापरवाही न बरतें।

