
रांची : भारी बारिश का अलर्ट को देखते हुए रांची जिले में शनिवार, 26 सितंबर को केजी से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। मौसम विभाग के 25 सितंबर के विशेष बुलेटिन में रांची को येलो अलर्ट की श्रेणी में रखते हुए भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है। इसके मद्देनजर विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक दिन के लिए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत जारी किया गया है। हालांकि, सरकारी स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को स्कूल बंद रहने के बावजूद ई-विद्यावाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन भी करना होगा। जिन विद्यालयों में पहले से कोई अनिवार्य परीक्षा निर्धारित है, उसके संचालन को लेकर विद्यालय प्रधान अपने स्तर से निर्णय ले सकेंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंदी के आदेश का पालन नहीं करने वाले संबंधित विद्यालय या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

