
चाईबासा : तूफानी हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते सारंडा अंचल में आम जिंदगी पूरी तरह पटरी से उतर गई है। हवा के प्रचंड झोंकों से बिजली के पोल और केबल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे किरीबुरू, मेघाहातुबुरू, गुवा और बड़ाजामदा जैसे सेल (SAIL) क्षेत्रों में बीती दो रातों से बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। नोवामुंडी स्थित ग्रिड तथा बोकना के समीप इंसुलेटर में आई तकनीकी खराबी (पंचर) के कारण विद्युत सप्लाई ठप्प है। सेल बिजली विभाग के कर्मी व्यवस्था दुरुस्त करने के काम में लगे हैं, मगर खराब मौसम मरम्मत की राह में बड़ी बाधा बना हुआ है।

जय गुरु आश्रम के निकट गिरी विशाल पेड़ की शाखा
इसके अलावा जय गुरु आश्रम (किरीबुरू) के निकट भी मुख्य लाइन पर एक विशाल पेड़ की शाखा गिर गई थी, जिसे कर्मियों ने हटाकर स्थिति संभाली। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मौसमी परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो शुक्रवार शाम तक आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। इस बीच, बिजली-पानी के संकट से स्थानीय निवासियों की समस्या बढ़ती जा रही है।

जंगल के अंदर भी कई जगह पेड़ गिरे
जंगल के भीतरी रास्तों पर कई जगह पेड़ उखड़कर सड़कों पर आ गिरे हैं। 24 सितंबर की रात थोलकोबाद से लौट रहे कुछ सैलानी जुम्बईबुरू-करमपदा मार्ग पर पेड़ गिरने से रास्ते में ही अटक गए। बाद में वन महकमे की टीम ने कुल्हाड़ियों और आरी की मदद से लकड़ी काटकर रास्ता साफ कराया, जिसके बाद सैलानी गंतव्य के लिए रवाना हो सके। क्षेत्र में लगातार हो रही रिमझिम और तेज बौछारों से ग्रामीणों की परेशानी बरकरार है।

