
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम की प्रतिभावान एथलीट गुरुवारी बाकिरा ने राष्ट्रीय खेल पटल पर जिले का मान बढ़ाया है। पटना के पाटलिपुत्र स्टेडियम में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गुरुवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-16 बालिका वर्ग की मिडले रिले स्पर्धा में झारखंड को स्वर्ण पदक दिलाया।
अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए गुरुवारी ने मैदान पर उत्कृष्ट गति और तालमेल का परिचय दिया। उनकी इस निर्णायक दौड़ के बदौलत झारखंड की टीम ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया और सोने का तमगा अपने नाम किया।
पश्चिमी सिंहभूम और खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल
इस बड़ी उपलब्धि की खबर मिलते ही पश्चिमी सिंहभूम और खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल है। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव अजय नायक ने गुरुवारी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। गुरुवारी बाकिरा की इस स्वर्णिम सफलता पर पश्चिमी सिंहभूम जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उन्हें बधाई दी है।
सांसद-विधायक सहित अन्य लोगों ने दीं शुभकामनाएं
शुभकामनाएं देने वालों में एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सह सांसद जोबा माझी, संरक्षक व विधायक जगत माझी, मुकुंद रुंगटा, अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष नीरज संदवार व बलराज हिंदवार, कोषाध्यक्ष दीपक पासवान, वरीय संयुक्त सचिव काश्मीर कांडेयांग, संयुक्त सचिव अर्जुन महाकुड़, विजय वानरा, ओंकार महतो, संजीव बाहंदा, राजू बिरुवा, पूनम पिंगुवा, प्रीति महतो, दुलाल, पीयूष, शिव हेंब्रम, नरेंद्र मोदी, प्रीतम, वैगो, पवन, रमेश, मेघा, देवाशीष, सोनू और मुन्ना शामिल हैं। सभी ने एथलीट के उज्जवल और स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।

