
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के सिंहभूम एसोसिएशन ग्राउंड में आयोजित दो दिवसीय ‘शहीद राम भगवान केरकेट्टा करमा पर्व फुटबॉल एवं खेलकूद प्रतियोगिता-सह-मिलन समारोह-2026’ शनिवार को धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के उपायुक्त मनीष कुमार उपस्थित रहे।
समारोह में चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान राहुल देव बड़ाईक और केंद्रीय सरना समिति महिला मोर्चा रांची की अध्यक्षा एंजेल लकड़ा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले आयोजकों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर और बैज लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात अतिथियों ने शहीद राम भगवान केरकेट्टा के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अतिथियों ने फाइनल में जगह बनाने वाली दोनों टीमों के खिलाड़ियों और मैच रेफरियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल अनुशासन और नेतृत्व क्षमता सिखाता है: उपायुक्त
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व जैसे गुणों को विकसित करने का सबसे प्रभावी साधन है। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में एकता और सकारात्मकता का संचार करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और युवाओं से खेल भावना के साथ जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
संस्कृति और युवाओं को जोड़ने का सशक्त माध्यम: सन्नी उरांव
चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद राम भगवान केरकेट्टा की स्मृति में करमा जैसे पारंपरिक अवसर पर खेलकूद आयोजित करना हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और समाज को एकजुट करने की दिशा में सराहनीय कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल युवाओं को नशे और गलत संगति से दूर रखते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है; उन्हें बस सही मार्गदर्शन और अवसर की आवश्यकता है।
खेलप्रेमियों का उमड़ा हुजूम
इस दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय नागरिक, खेलप्रेमी, खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे मैदान में उत्सव और खेल भावना का माहौल बना रहा।
Read Also Chaibasa News : भालू के हमले में युवक लहूलुहान, जिला परिषद सदस्य की मुस्तैदी से बची जान

