
Jamshedpur : पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में जी टाउन क्लब मैदान, बिष्टुपुर में आयोजित दस दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में बड़ी संख्या में साधकों एवं योगप्रेमियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि पतंजलि कोल्हान प्रभारी अजय कुमार झा ने कहा कि योग आज प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकता बन गया है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ व्यक्तित्व का समग्र विकास तथा आध्यात्मिक उन्नति भी होती है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
समारोह में भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी रवि नंदन कुमार, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी नरेंद्र कुमार, जिला महासचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं योग शिक्षक गुलाब सिंह, जिला कोषाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा, वरिष्ठ योग शिक्षक शिव प्रसाद सिंह और वरिष्ठ महिला योग शिक्षिका आरती सिन्हा उपस्थित थीं।
शिविर के दौरान 50 से अधिक साधकों को उनकी आवश्यकताओं और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के अनुरूप योगासन, प्राणायाम एवं यौगिक क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा योग, आयुर्वेद, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
शिविर के सफल संचालन में संगीता महेश्वरी, अमित संथालिया, नवल किशोर बरनवाल, शिवचरण डे, जॉली सिंह, वीणा बरनवाल, सोनी, नीलम, सुष्मिता एवं पूजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन पर आयोजकों ने सभी साधकों, योग शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ, निरोग और संस्कारवान समाज के निर्माण का संदेश दिया।

