Home » Chaibasa News : सेल में मजदूरों का शोषण, पूर्व सीएम मधु कोड़ा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

Chaibasa News : सेल में मजदूरों का शोषण, पूर्व सीएम मधु कोड़ा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

ठेकेदारों के माध्यम से की जा रही बहालियों में भारी अनियमितता और नौकरियों के नाम पर पैसों की उगाही की जा रही है- पूर्व सीएम मधु कोड़ा

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने गुवा सेल माइंस में कार्यरत ठेका मजदूरों के शोषण को लेकर प्रबंधन और ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को गुवा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे पूर्व सीएम ने रेलवे मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें स्थानीय श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया।

न्यूनतम मजदूरी व सुविधाओं से वंचित हैं मजदूर

बैठक को संबोधित करते हुए मधु कोड़ा ने आरोप लगाया कि सेल खदानों में काम कर रहे ठेका मजदूरों को भारत सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी भी नसीब नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को नियमानुसार मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं, विशेषकर स्वास्थ्य (मेडिकल) लाभों से जानबूझकर दूर रखा जा रहा है। इसके कारण कार्यस्थल पर दुर्घटना होने की स्थिति में पीड़ित श्रमिकों और उनके परिवारों को उचित मुआवजा व इलाज नहीं मिल पाता।

स्थानीय युवाओं की उपेक्षा और बहाली में धांधली का आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने सेल प्रबंधन और ठेकेदारों की मिलीभगत पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहर से श्रमिकों को लाकर काम कराया जा रहा है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि ठेकेदारों के माध्यम से की जा रही बहालियों में भारी अनियमितता बरती जा रही है और नौकरियों के नाम पर पैसों की उगाही की जा रही है, जो गरीब स्थानीय मजदूरों के वश की बात नहीं है।

MDO व्यवस्था से प्रभावित हुए स्थानीय अवसर

कोड़ा ने स्पष्ट किया कि गुवा सेल में ‘एमडीओ’ (MDO) व्यवस्था लागू होने के बाद से स्थानीय निवासियों के रोजगार के अवसर लगातार घटते जा रहे हैं। उन्होंने मांग रखी कि ठेका आधारित बहालियों में स्थानीय युवाओं को पहली प्राथमिकता दी जानी चाहिए और मजदूरों को नियमानुसार सभी देय सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

मांगें पूरी न होने पर जन आंदोलन का अल्टीमेटम

सेल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि यदि स्थानीय मजदूरों को उनका वाजिब हक और रोजगार नहीं दिया गया, तो क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।इस दौरान बैठक में भाजपा सारंडा मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़, उपाध्यक्ष जय किशन गुप्ता, पूर्वी मंडल अध्यक्ष कैलाश दास सहित दर्जनों स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

Read Also Chaibasa News : महाराजा अग्रसेन जयंती पर चाईबासा में नन्हे-मुन्नों और युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

Related Articles

Leave a Comment