
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार 8 अक्टूबर को स्टेशन परिसर के सामने आयोजित होने वाला समारोह अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। कार्यक्रम की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी निर्धारित समय पर मौके पर पहुंच चुके थे। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी तैयारी की गई थी।
कार्यक्रम की शुरुआत से ठीक पहले चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीपीओ डॉ. ऋषभ सिन्हा ने माइक सँभालते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए समारोह को रद्द करने की घोषणा की। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों और अन्य लोगों ने दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया।
मौके पर डीआरएम तरुण हुरिया ने पत्रकारों से कहा कि यह एक दुखद घटना है और इसी को देखते हुए रेलवे ने अपने कार्यक्रम को रद्द करने का निर्णय लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता के निधन पर अपनी संवेदना प्रकट की।
रेलवे की ओर से बुधवार को ही चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को समारोह आयोजित करने की घोषणा की गई थी। इसके बाद कार्यक्रम को लेकर स्टेशन परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं। समारोह में अधिकारियों की मौजूदगी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन रूपी सोरेन के निधन के बाद पूरा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

