
Jamshedpur : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को टाटा मोटर्स के फाउंड्री डिविजन में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जीएम ब्रजेश कुमार सिंह, डीजीएम एल. महापात्र, मुनीष कुमार, संजय सिंह और रंजन नायक सहित प्रबंधन के वरीय पदाधिकारियों का भी स्वागत किया गया। सभी को फूलों का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह ने कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आपसी एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय से कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल और बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान फाउंड्री डिविजन की टीम तेजस को ‘पर एक्सीलेंस अवार्ड’ (Par Excellence Award) मिलने पर टीम के सदस्यों को अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बोकारो में आयोजित चैप्टर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट (CCQC)-26 में फाउंड्री डिविजन की टीम तेजस ने मॉडल प्रस्तुत किया था। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टीम को ‘पर एक्सीलेंस अवार्ड’ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन साकेत भट्टाचार्य ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रणविजय सिंह ने किया।

