Home » Jamshedpur News : जमशेदपुर में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 36 लोगों पर FIR; 9 लाख रुपये से अधिक की वसूली

Jamshedpur News : जमशेदपुर में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 36 लोगों पर FIR; 9 लाख रुपये से अधिक की वसूली

विद्युत विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, घाटशिला डिवीजन में सबसे अधिक 118 परिसरों की जांच की गई। यहां 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : बिजली चोरी और लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जमशेदपुर सर्किल में गुरुवार को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान 36 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वहीं, बकाया बिजली बिल और जुर्माने के रूप में कुल 9,07,026 रुपये की वसूली की गई।

विद्युत महाप्रबंधक अजित कुमार के निर्देश पर जमशेदपुर सर्किल के चार प्रमुख डिवीजनों में एक साथ जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान घाटशिला, मानगो, जमशेदपुर और आदित्यपुर के कुल 372 घरों और अन्य परिसरों की जांच की गई। कार्रवाई में बिजली चोरी और बिजली बिल का लंबे समय से भुगतान नहीं करने से जुड़े मामले सामने आए।

घाटशिला में सबसे अधिक 12 लोगों पर केस

विद्युत विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, घाटशिला डिवीजन में सबसे अधिक 118 परिसरों की जांच की गई। यहां 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

आदित्यपुर डिवीजन में 102 परिसरों में छापेमारी की गई, जहां अनियमितता के मामलों में 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई। मानगो डिवीजन में 80 घरों की जांच के दौरान नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। वहीं, जमशेदपुर डिवीजन में 72 परिसरों की जांच की गई और पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

 बिजली चोरी करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

जमशेदपुर एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक अजित कुमार ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने और लंबे समय तक बिल का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने बिजली बिल का भुगतान समय पर करें और केवल अधिकृत बिजली कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का इस्तेमाल करें। इससे कानूनी कार्रवाई और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।

Read also – Jamshedpur Rail News: दुर्गा पूजा पर रेलवे का बड़ा तोहफा, झारखंड होकर चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें; टाटानगर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव

Related Articles

Leave a Comment