
जमशेदपुर :आगामी 3 और 5 नवंबर को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संभावित बहरागोड़ा दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। अपने गृह राज्य ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित रायरंगपुर आने-जाने के दौरान महामहिम झारखंड के इस आखिरी छोर पर स्थित बहरागोड़ा के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में कुछ वक्त बिताएंगी। शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तमाम तैयारियों की बारीकी से जांच-पड़ताल की।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा में कोई कोर-कसर न छूटे, इसके लिए एसएसपी एहतेशाम वकारिब, उपायुक्त राजीव रंजन कुमार और डीएफओ शबा आलम समेत कई बड़े अधिकारी फॉरेस्ट गेस्ट हाउस पहुंचे। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, दोपहर के भोजन की व्यवस्था और मेहमाननवाज से जुड़े सभी पहलुओं का जायजा लिया। साथ ही, मौके पर मौजूद स्थानीय अधिकारियों को समय रहते सभी काम त्रुटिहीन तरीके से पूरे करने की सख्त हिदायत दी गई है।
रूट और ठहराव का पूरा शेड्यूल
तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति आगामी 3 नवंबर को राजधानी दिल्ली से विशेष वायुसेना विमान से पश्चिम बंगाल के कलाइकुंडा एयरबेस उतरेंगी। वहां से सड़क मार्ग से बहरागोड़ा के रास्ते अपने गंतव्य यानी रायरंगपुर पहुंचेंगी। इसके अलावा, 5 नवंबर को जब वे वापस दिल्ली लौटेंगी, तब भी बहरागोड़ा के इसी फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में उनके रुकने और दोपहर के भोजन का कार्यक्रम तय किया गया है।
चाक-चौबंद सुरक्षा घेरा
गेस्ट हाउस के इर्द-गिर्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बैरिकेडिंग से लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है। प्रशासनिक अमले ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान बीडीओ केशव भारती, सीओ राजाराम सिंह मुंडा और पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार समेत कई थानों के प्रभारी और प्रशासनिक नुमाइंदे मौजूद रहे।
Read Also: BSRTC Bus Seized: मुआवजा नहीं दिया तो कोर्ट ने जब्त कर ली बस, बिहार परिवहन निगम पर चला कानूनी डंडा

