RANCHI: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने झारखंड विधानसभा सत्र के दौरान राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की कार्यशैली पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी नौटंकी मंत्री बन गए हैं और विभागीय कामकाज से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाने की घटनाओं से जनता त्रस्त है, गरीबों को एम्बुलेंस नहीं मिल रही और गर्भवती महिलाओं को खटिया पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मंत्री गरीबों की सेवा में सच में तत्पर होते तो रिक्शा उपलब्ध कराते।
आदित्य साहू ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की पर भी निशाना साधते हुए कहा कि किसानों का धान खरीदने में राज्य सरकार असफल रही है। चार महीने बीत जाने के बाद भी किसानों से केवल 50% धान खरीदी गई है और भुगतान बकाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 3200 रुपए प्रति क्विंटल धान और 450 रुपए में सिलेंडर देने के वादे किए थे, लेकिन इन्हें पूरी तरह भुला दिया गया।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार द्वारा गैस की किल्लत को प्रचारित करने और विरोधाभासी बयान देने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जनता इस नौटंकी से भ्रमित न हो और केंद्र सरकार देश और जनता के हित में आवश्यक निर्णय ले रही है। उन्होंने इंडी गठबंधन की सरकार से अपने गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से बाज आने की अपील की।

