Home » District Election Officer : निर्वाचन की सभी प्रक्रिया अहम, प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं को दूर कर लें मतदानकर्मी : जिला निर्वाचन पदाधिकारी

District Election Officer : निर्वाचन की सभी प्रक्रिया अहम, प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं को दूर कर लें मतदानकर्मी : जिला निर्वाचन पदाधिकारी

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर होम वोटिंग और सुविधा केंद्रों पर पोस्टल वोटिंग के लिए प्रतिनियुक्त मतदानकर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को सिदगोड़ा स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में किया गया। इस कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उपायुक्त अनन्य मित्तल ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मतदानकर्मियों को अपने कार्यों एवं जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए और चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित सभी निर्देशों का अक्षरश: पालन करना आवश्यक है।

श्री मित्तल ने कहा कि आवश्यक सेवाओं में कार्यरत व्यक्तियों के लिए चुनावी कर्तव्य प्रमाण पत्र (ईडीसी) और डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और वैसे दिव्यांग मतदाताओं, जो घर से ही मतदान करना चाहते हैं, को होम वोटिंग के माध्यम से मतदान का अधिकार मिलेगा।

उन्होंने मतदानकर्मियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन की सभी प्रक्रियाएं अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं, इसलिए प्रशिक्षण सत्र के दौरान अपनी शंकाओं को दूर करें। इससे न केवल निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु मतदान संपन्न कराया जा सकेगा, बल्कि यह भी सुनिश्चित होगा कि कोई मतदाता किसी कारणवश अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रह जाए।

पोस्टल वोटिंग की प्रक्रिया पर विशेष जानकारी


प्रशिक्षण में मतदानकर्मियों को पोस्टल वोटिंग की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न आवश्यक प्रपत्रों के संधारण और पैकेटिंग की प्रक्रिया को भी समझाया गया। होम वोटिंग के लिए नियुक्त मतदानकर्मियों को पीपीटी के माध्यम से पोस्टल बैलेट द्वारा मतदान प्रक्रिया का पूरा प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रक्रिया में सुविधा केंद्रों पर पोस्टल वोटिंग कराने के तरीकों को भी समझाया गया। मतदान अधिकारियों ने बताया कि अनिवार्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए जिला मुख्यालय में सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे, जहां वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

कार्यक्रम में ये हुए शामिल


इस कार्यक्रम के दौरान एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) अनिकेत सचान, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, कार्यपालक दंडाधिकारी मृत्युंजय कुमार और कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद डॉ. रजनीकांत मिश्रा समेत सभी मास्टर ट्रेनर भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने मतदानकर्मियों को मतदान से जुड़े सभी तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर जानकारी दी और उन्हें इस बात के लिए भी प्रेरित किया कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से यह भी अपील की कि मतदान प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न किसी भी तरह की समस्याओं को हल करने के लिए वह चुनाव आयोग के नियमों का सख्ती से पालन करें।

Read Also- Jharkhand Chunaw : इंडिया गठबंधन ने लिया पोटका सीट से संजीव सरदार को फिर से जिताने का संकल्प

Related Articles