नई दिल्ली: अमेरिकी टेक अरबपति ब्रायन जॉनसन, जो अपने एंटी-एजिंग प्रोटोकॉल के लिए मशहूर हैं, ने ज़ेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ के साथ हो रहे पॉडकास्ट को बीच में ही छोड़ दिया। इसकी वजह दिल्ली की खराब एयर क्वालिटी थी, जिससे उन्हें स्किन पर जलन, आंखों में तकलीफ और गले में खराश होने लगी।
प्रदूषण बना पॉडकास्ट रुकने की वजह
ब्रायन जॉनसन ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने पॉडकास्ट को बीच में ही रोक दिया क्योंकि खराब हवा के कारण उनका एयर प्यूरिफायर भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। उन्होंने कहा, ‘निखिल कामथ एक शानदार होस्ट हैं, लेकिन जिस कमरे में शूट हो रहा था, वहां बाहर की प्रदूषित हवा आ रही थी।’
भारत में प्रदूषण पर उठाए सवाल
ब्रायन जॉनसन ने भारत की वायु गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा, ‘भारत में एयर पॉल्यूशन इतना सामान्य हो गया है कि लोग इसके खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं। न तो कोई मास्क पहनता है और न ही इसे गंभीरता से लिया जाता है।’ उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि एयर क्वालिटी को राष्ट्रीय आपातकाल घोषित क्यों नहीं किया जाता?
फाइव-स्टार होटल में भी नहीं मिली साफ हवा
इस पॉडकास्ट की शूटिंग एक फाइव-स्टार होटल में हो रही थी, जहां एयर प्यूरिफायर लगे थे। ब्रायन खुद अपना एयर प्यूरिफायर और N95 मास्क लेकर आए थे, फिर भी वे दिल्ली की हवा को सहन नहीं कर पाए। शूटिंग के दौरान कमरे का AQI 130 था, जो अपेक्षाकृत बेहतर माना जाता है, लेकिन फिर भी यह उनकी सेहत के लिए अनुकूल नहीं था।
लाइफ स्टाइल पर करते हैं करोड़ों का खर्च
ब्रायन जॉनसन अपनी एंटी-एजिंग लाइफ स्टाइल के लिए पहचाने जाने जाते हैं। 47 साल की उम्र में उनके फेफड़े 18 साल के युवा जैसे और स्किन 28 साल की उम्र के व्यक्ति जैसी है। वह हर साल करोड़ों रुपये अपनी सेहत पर खर्च करते हैं।
दिल्ली का प्रदूषण फिर बना चर्चा का विषय
इस घटना के बाद एक बार फिर दिल्ली की हवा और वायु प्रदूषण पर बहस तेज हो सकती है। जॉनसन का यह बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस समस्या की ओर ध्यान खींच सकता है और सरकार पर दबाव बढ़ा सकता है कि इस मुद्दे पर सख्त कदम उठाए जाएं।

