रांची: ज़िला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने नगड़ी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के पास हुई घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच हेतु जिला प्रशासन द्वारा कमिटी का गठन किया गया है। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय कमिटी का गठन किया है।
कमिटी में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रांची, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग ग्रामीण, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल पश्चिमी रांची और अंचल अधिकारी ईटकी शामिल हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा कमिटी में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को घटनास्थल का भौतिक रूप से स्थलीय जांच करते हुए अविलंब जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
बता दें कि मंगलवार को रांची में एक बड़ा हादसा हो गया था। जहां हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई थी। घटना नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित मलार पुल के पास की है। रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा से गुजरने के दौरान लाइट टावर एक ऑटो पर गिर गया था। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई थी। जबकि, पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद यातायात प्रभावित हो गया था। वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी थी।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में 8 यात्री सवार थे। सभी नगड़ी से बेड़ो की ओर जा रहे थे। इस दौरान टोल प्लाजा पार करने के समय लाइट टावर ऑटो पर जा गिरा। इसके बाद सभी यात्री ऑटो में ही दब गए। हादसे को देख स्थानीय लोग और टोलकर्मी दौड़े दौड़े पहुंचे। कुछ देर के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान दो महिलाओं की दबकर मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं घायलों को बेहतर इलाज के लिए भी रांची रिम्स में भर्ती कराया गया है।

