
रामगढ़ : गिद्दी थाना की पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के दो अपराधियों को दबोच लिया है। ये दोनों एक कोयला व्यापारी से रंगदारी का पैसा वसूलकर भाग रहे थे। पुलिस ने इनके पास से वसूली के 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिद्दी थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन को कोयला व्यापारी से रंगदारी वसूलने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत अलर्ट हो गई। पुलिस ने टोंगी गांव के पास नाकेबंदी कर दी। भागने की कोशिश कर रहे दोनों अपराधियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया।
नकदी समेत पल्सर बाइक भी जब्त
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सौदागर मोहल्ला निवासी मन्नू कुमार साव और कोयरी टोला मुंडा टोली निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को इनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक काले रंग की पल्सर बाइक भी मिली है। पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है।
गिद्दी थाने में दोनों अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। इस सफल छापेमारी में थाना प्रभारी के साथ दामुराम बोयपाई, चंदन उरांव, सुनील कुमार, ओमप्रकाश महतो, राजेंद्र कुमार और अनिल कुमार सिंह शामिल थे।

