
बोकारो : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी की जांच अब और तेज हो गई है। जांच एजेंसी ने बोकारो के जिला जनसंपर्क अधिकारी और सहायक जनसंपर्क अधिकारी को पूछताछ के लिए बुलाया है। दोनों अधिकारियों को रांची स्थित सीआईडी मुख्यालय में पेश होना होगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी के डीएसपी ने बोकारो के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को एक औपचारिक पत्र भेजा है। सीआईडी का पत्र मिलते ही उपायुक्त ने भी तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने दोनों अफसरों को सीआईडी के सामने उपस्थित होने का कड़ा निर्देश जारी कर दिया है।
यह पूरी कार्रवाई झारखंड प्रतियोगी परीक्षा से जुड़ी जांच के सिलसिले में की जा रही है। निर्देश मिलते ही एपीआरओ रांची के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं डीपीआरओ को भी तय समय पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया गया है।
सीआईडी के इस कड़े रुख के बाद बोकारो के जनसंपर्क विभाग में हलचल मच गया है। पूरे कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। कोई भी अधिकारी इस संवेदनशील मुद्दे पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। अब सभी की नजरें रांची में होने वाली इस पूछताछ पर टिकी हैं। देखना होगा कि पूछताछ में क्या नए राज खुलते हैं।

