
गोड्डा : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को गोड्डा समाहरणालय के सामने बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखे हमले बोले। बाबूलाल मरांडी ने मांग की है कि राज्य में हुई तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं की गड़बड़ी की जांच सीबीआई से कराई जाए।
छात्रों पर दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग
उन्होंने कहा कि पिछले महीने छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने उन पर बर्बरता से लाठीचार्ज किया। इतना ही नहीं, उलटे मासूम छात्रों पर ही केस दर्ज कर दिया गया। उन्होंने छात्रों पर दर्ज सभी एफआईआर को तुरंत रद्द करने की मांग उठाई। पूर्व मुख्यमंत्री ने सीआईडी जांच पर सवाल उठाते हुए इसे सिर्फ एक दिखावा करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सीआईडी जांच के जरिए दोषियों को बचाने का खेल खेल रही है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में नौकरियां बेची गई हैं और इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी के प्रमुख खुद विवादों में रहे हैं, ऐसे में निष्पक्ष रिपोर्ट की उम्मीद नहीं की जा सकती। प्रदर्शन में पूर्व विधायक अमित मंडल और पूर्व विधायक अशोक भगत समेत भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
Read Also: Godda news : गेरुआ नदी में नहाने गया किशोर तेज धारा समाया, एनडीआरएफ से तलाश की उम्मीद

