
चाईबासा : स्वर्गीय आर पुरुषोत्तम की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया, जिससे कुल 81 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेलवे अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर और स्वर्गीय आर पुरुषोत्तम की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय कुमार साव सहित अन्य लोगों ने स्वर्गीय आर पुरुषोत्तम को श्रद्धांजलि दी।
नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने कहा कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए। ऐसे शिविर समाज में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर में युवाओं समेत अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं को सम्मानित कर रक्तदान के लिए प्रोत्साहित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया गया।
मौके पर आर श्रवण कुमार, आर श्रीकांत राव, आर बबली, आर सताक्षी, के श्रीनिवास, के संगीता, प्रदीप मुखर्जी, कवि रण विजय कुमार, जॉय मुखर्जी, अनूप दुबे समेत शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

