
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूमि जिले के चक्रधरपुर में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की अहम बैठक शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय के सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक सह केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सुखराम उरांव ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की सभी दुर्गा पूजा समितियों के बीच आपसी तालमेल बनाए रखना और पूजा के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना था।
बैठक में पुरानी कमेटी को भंग कर नई कमेटी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से विधायक सुखराम उरांव को अध्यक्ष और अशोक षाड़ंगी को संरक्षक चुना गया। कमेटी का विस्तार आगामी बैठक में सलाहकार समिति से चर्चा के बाद किया जाएगा। इसके बाद सभी पूजा समितियों की समस्याओं को लेकर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया गया।
विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि दुर्गा पूजा को सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए केंद्रीय कमेटी का गठन किया जाता है। उन्होंने कहा कि नई कमेटी को कम से कम तीन साल तक काम करने का मौका मिलना चाहिए। छोटी-मोटी गलतियां अनजाने में हो जाती हैं, ऐसे में किसी पर आरोप लगाने के बजाय आपसी समन्वय से समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर की दुर्गा पूजा ऐतिहासिक रही है और इस वर्ष सभी को अपनी जिम्मेदारी बेहतर ढंग से निभानी होगी। केंद्रीय कमेटी का काम पूजा पंडालों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करना है। प्रशासन सहयोग के लिए है, इसलिए उसकी मदद लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना चाहिए।
बैठक में केंद्रीय कमेटी के विस्तार के साथ-साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पूजा समितियों के पदाधिकारियों, सदस्यों, संस्थापकों और वरिष्ठ सदस्यों को सौंपने पर चर्चा हुई। पूजा पंडालों से जुड़ी साफ-सफाई सहित अन्य स्थानीय समस्याओं का पहले समिति स्तर पर समाधान करने और आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय कमेटी को सूचित करने की बात कही गई।
संरक्षक अशोक षाड़ंगी ने कहा कि दुर्गा पूजा शांति और सौहार्द के माहौल में होनी चाहिए। सभी पूजा समितियां तय समय और क्रम के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से प्रतिमाओं का विसर्जन करें। उन्होंने कहा कि साल में एक बार होने वाले इस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। किसी समस्या पर दोषारोपण के बजाय पहले पूजा समिति स्तर पर समाधान का प्रयास होना चाहिए।
ये रहे शामिल
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव, शिवपूजन सिंह, प्रताप बर्मन, शेष नारायण लाल, दिलीप महतो, संजय पासवान, विनोद साव, नागेश्वर प्रधान, राजेश शुक्ला, रामगोपाल जेना, प्रताप प्रामाणिक, बबलू मंडल, अरुण साव, कुमार विवेक, अशोक दास, मधु रवानी, दिनेश जेना, शमरेश सिंह, राजेश गुप्ता, रवि महंती, अनिल कुमार, दिलीप प्रधान, नारायण अग्रवाल, आशीष कुमार वर्मा, राजेश राय, निक्कू सिंह, अमित मिश्रा, संजीत विश्वकर्मा, कबीर पाण्डेय, पवन साव, दया शंकर गुप्ता, नेहाल गुप्ता, पप्पू काबरा, विकाश सिंह, दुर्गा साव, पवन ठाकुर, कल्लू विश्वकर्मा, मुकेश साव, सोनू विश्वास, दीपू जयसवाल, चंदन मित्रा, आनंद सिंह, अमर सोनकर, नीतीश महतो, हेमंत पोद्दार सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।Chaibasa News : जर्जर स्कूल भवनों के सुरक्षित निस्तारण को लेकर कार्यशाला, उपायुक्त बोले- बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

