
साहिबगंज : रिश्तों के बनने- बिखरने का एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के नयाटोला निवासी विनोद मंडल की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। सालों तक दोनों का दांपत्य जीवन सामान्य चलता रहा। लेकिन हाल के दिनों में सोशल मीडिया के जरिए उनकी पत्नी की पहचान बिहार के बाखरपुर निवासी गोलू कुमार से हुई।
देखते ही देखते दोनों का संपर्क गहरा प्यार में बदल गया। जब पति विनोद को अपनी पत्नी और गोलू के इस प्रेम-प्रसंग का पता चला, तो उसने परिवार को बचाने की काफी कोशिश की। उसने पत्नी और उसके प्रेमी को कई बार प्यार से समझाया। विनोद ने उन्हें इस रिश्ते से पीछे हटने की सलाह दी। इसके बावजूद दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे। वे एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की जिद्द पर अड़े रहे।

पत्नी का प्यार जीता, पति ने खुद कराई प्रेमी से शादी—गवाह बनी भीड़!
पति ने दिखाई दरियादिली, परिजनों की रजामंदी से रचाया गया विवाह
पत्नी की जिद और उसके प्यार के आगे आखिरकार पति विनोद मंडल ने अपना दिल बड़ा किया। उसने आठ साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को खत्म करने का कड़ा फैसला ले लिया। उसने पत्नी को रोकने के बजाय उसकी खुशी के लिए उसका हाथ उसके प्रेमी को सौंपने की ठान ली। विनोद ने महिला के मायके वालों और युवक के परिजनों से बात की। दोनों के घरवाले भी शादी के लिए तैयार हो गए।
इसके बाद मिर्जाचौकी के गैलेक्सी मैदान स्थित निचला टोला में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया। वहां पति की मौजूदगी में ही महिला की शादी उसके प्रेमी गोलू कुमार से पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराई गई। इस अनूठी शादी को देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शादी के बाद नवविवाहित जोड़े ने बताया कि उन्होंने आपसी सहमति और अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है। प्रेमी गोलू ने भी स्पष्ट किया कि उसके माता-पिता इस रिश्ते से बेहद खुश हैं और वह अपनी पत्नी को हमेशा सम्मान के साथ रखेगा। आठ साल पुराने वैवाहिक जीवन को खत्म कर प्रेमी के साथ शादी कराने का यह मामला पूरे इलाके में काफी चर्चा बटोर रहा है।

