
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर मेन रोड स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में पिछले तीन महीनों के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद व्यापारी समाज में चिंता और आक्रोश का माहौल है। चाईबासा और चक्रधरपुर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस गंभीर विषय को लेकर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक अमित रेनू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में नगर परिषद अध्यक्ष सह चेंबर के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष सह चेंबर कार्यकारिणी सदस्य विकास शर्मा, उपाध्यक्ष दुर्गेश खत्री और संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा शामिल थे।
चेंबर ने कहा कि व्यापारियों की मेहनत की कमाई और उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में इससे पहले हुई चोरी का सामान अब तक बरामद नहीं हो सका है और उसी दुकान में दोबारा चोरी होना बेहद चिंताजनक है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
चेंबर ने इस मामले में चार सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की है। चेंबर ने शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। बता दे की रविवार कि रात चोर मुख्य शटर तोड़कर दुकान से 100 महंगे मोबाइल फोन और लाखों के सामान चुरा कर ले गए। जबकि पहले चोरी 23 जुलाई 2026 की देर रात चोर वेंटिलेटर तोड़कर घुसे थे और करीब 46 लाख रुपये से अधिक के मोबाइल, आईफोन और लैपटॉप चुराए थे। इस मामला को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिले में व्यापारियों में काफी नाराजगी है।
चेंबर की मांग
-रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई चोरी के मामले में संलिप्त अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
-चोरी की दोनों घटनाओं में चोरी हुए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
-शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर CCTV कैमरों का अधिष्ठापन कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
– सम्पूर्ण शहर में, विशेषकर व्यावसायिक क्षेत्रों में, रात्रि के समय पुलिस गश्ती एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
व्यापारियों की सुरक्षा के साथ समझौता स्वीकार नहीं
चाईबासा चेंबर के अध्यक्ष संजय चौबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यापारी वर्ग शांतिपूर्ण तरीके से अपना व्यवसाय करता है और शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है। ऐसे में यदि व्यापारी अपने प्रतिष्ठान और अपनी मेहनत की कमाई को लेकर ही असुरक्षित महसूस करने लगें, तो यह पूरे व्यापारिक वातावरण के लिए गंभीर विषय है।
चेंबर ने पुलिस अधीक्षक से त्वरित और ठोस परिणाम की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों का पुलिस-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके। साथ ही यह स्पष्ट किया कि यदि इस मामले में शीघ्र कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आता है और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते हैं, तो व्यापारी वर्ग अपने हितों एवं सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन एवं विरोध-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने चाईबासा चेंबर को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई है। पुलिस अपना कार्य कर रही है और शीघ्र ही दोषियों को कानून के शिकंजे में लाकर व्यापारियों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित किया जाएगा।

