
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर बिंजु पंचायत अंतर्गत गुलाब टुंगरी टोला में आयोजित तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का शुक्रवार को फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत माझी शामिल हुए। ग्रुप ए के फाइनल मुकाबले में कांडी की टीम ने सारंगा को 1-0 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। मैच से पूर्व विधायक जगत माझी समेत अन्य अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। खेलप्रेमियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि हॉकी आनंदपुर प्रखंड का लोकप्रिय खेल है और क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टुंगरी टोला स्कूल मैदान का विस्तार कराया जाएगा। साथ ही दर्शकों के बैठने के लिए गैलरी का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आनंदपुर क्षेत्र के विकास को लेकर वे संकल्पित हैं। ग्रामीण अपनी समस्याओं को लगातार उनके संज्ञान में लाएं, ताकि उनका समाधान कराया जा सके। विधायक के टुंगरी टोला पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य एवं संगीत के साथ उनका स्वागत किया। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिलबिरयुस तिर्की, सचिव राजू सिंह, पूर्व मुखिया हैरन कंडुलना, पप्पू सिंहदेव, संजीव गंताइत, जीवन कंडुलना, पिंटू जैन सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

