Home » अमित शाह का महागठबंधन पर जोरदार हमला

अमित शाह का महागठबंधन पर जोरदार हमला

by Rakesh Pandey
अमित शाह का महागठबंधन पर जोरदार हमला
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुजफ्फरपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को एक दिवसीय दौरे पर बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंचे। मुजफ्फरपुर के पताही हवाईअड्डा मैदान में सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बिहार की महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला।

अमित शाह का महागठबंधन पर जोरदार हमला

जाति आधारित गणना की रिपोर्ट पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह सर्वे छलावा है। यादव और मुस्लिमों की आबादी को बढ़ाकर दिखाई गई और अति पिछड़े समाज की संख्या को काफी कम दिखाया गया है। अति पिछड़े समाज के साथ लालू-नीतीश की सरकार ने धोखा दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जाति गणना का समर्थन किया था, लेकिन हमें नहीं पता था कि लालू-नीतीश की सरकार ने अति पिछड़े समाज के साथ धोखा करेगी। यह लोग कहते हैं जिसकी जितनी आबादी, उसकी उतनी हिस्सेदारी। ठीक है लालू जी तो क्या आप इसकी घोषणा करोगे कि आपके इंडिया एलायंस से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार अति पिछड़ा वर्ग का होगा। गृह मंत्री ने महागठबंधन सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया है।

जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं लालू-नीतीश
अमित शाह ने कहा कि बिहार की सत्ता में बैठे लोगों ने खुद को पिछड़े समाज का शुभचिंतक होने के लिए चाल चली है। ये जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार में जातीय जनगणना कराने का फैसला तब भाजपा नीतीश सरकार में हिस्सेदार थी, लेकिन जब रिपोर्ट आयी तो उसमें साजिश रच दी गयी। यादव और मुसलमानों की संख्या को बढ़ाने के लिए अति पिछड़ों और पिछड़ों की संख्या को कम कर दिया गया।

उनके साथ अन्याय किया गया। इनलोगों ने हमेशा पिछड़ा समाज का बहिष्कार किया और विरोध किया। जबकि, मोदी जी ने हमेशा पिछड़ा समाज का सम्मान किया। मोदी जी के कैबिनेट में 27 मंत्री ओबीसी समाज से हैं, ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता दी। इसके साथ-साथ नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और सैनिक विद्यालय में ओबीसी छात्रों को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया।

2025 में बिहार में बनेगी भाजपा की सरकार
गृह मंत्री ने कहा इस रैली को सफल बनाने के लिए मैं बिहार की जनता का धन्यवाद देता हूं। मैं सभी बिहार की जनता को छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। गृह मंत्री ने कहा कि 2014 में बिहार की जनता की जनता ने 31 सीटें और 2019 में 39 सीटें मोदी जी को दी। 2024 में पूरे 40 के 40 सीट देकर भाजपा को आशीष दें। 2025 में बिहार में भाजपा की सरकार को अपना आशीष दें। मित्रों आपने जब-जब एनडीए को आशीर्वाद दिया, तब-तब पलटू राम पलटी मार गए। आपके जानदेश का अपमान कर गए। उन्होंने लालू यादव से मिलकर सरकार बना ली। अब 2024 और 2025 में आशीर्वाद देकर भाजपा को विजयी बनाएं।

नीतीश पर कसा तंज, आपको तो प्रधानमंत्री पद छोड़िए संयोजक तक नहीं बनाया
गृह मंत्री ने कहा कि मैं पलटू बाबू को कहना चाहता हूं कि आपने जनाद्रोह किया। लेकिन, मोदी जी की सरकार ने देश से आतंकवाद को उखाड़ने का काम किया है। राजद और जदयू धारा 370 हटाने के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने धारा 370 हटाने पर कश्मीर में खून की नदियां बहने की बात कही थी।

लालू जी खून की नदियां तो छोड़ो, एक कंकड़ तक अब तक नहीं चला। अमित शाह ने पूछा कि यह 2जी घोटाला करने वाला इंडिया एलांयस चाहिए या 5जी देने वाली नरेंद्र मोदी की सरकार चाहिए? उन्होंने नीतीश कुमार तंज सकते हुए कहा कि आपको तो प्रधानमंत्री पद छोड़िए संयोजक तक नहीं बनाया गया।

बिहार में अमित शाह का कार्यक्रम होने से विपक्ष में खलबली : गिरिराज सिंह
इस बीच, भाजपा के दिग्गज नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी विपक्ष पर पलटवार किया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि अमित शाह का कार्यक्रम बिहार में हो रहा है और विपक्ष में इसको लेकर खलबली मची है। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने हमास को समर्थन दिया है। जो लोग कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को वोट देंगे, इससे यह समझा जाएगा कि वह उन लोगों का साथ दे रहे हैं, जो हमास द्वारा आतंकवादी कृत्यों का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब अमित शाह मुजफ्फरपुर से गरजेंगे, तब विपक्ष को पता चल जाएगा कि बिहार के लोग क्या चाहते हैं।

अमित शाह हजार बार बिहार आएं, लेकिन इंडिया को फर्क नहीं पड़ेगा : राजद
इधर, मुजफ्फरपुर के राजद जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता, विधायक निरंजन राय एवं प्रधान महासचिव सुधीर यादव ने शनिवार को संयुक्त बयान जारी कर कहा कि एक बार फिर गृहमंत्री अमित शाह मुजफ्फरपुर आकर जुमलेबाजी करेंगे। वह सपना बेचने की राजनीति और मिथ्या प्रचार करने आ रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी यहां आकर वादा किया था। 2019 की चुनावी रैली में वोट के बदले मुजफ्फरपुर से हवाई सेवा जल्द शुरू करने का वादा किया था। अब 2023 में गृहमंत्री की रैली उसी एयरपोर्ट के मैदान में है, जहां ट्रैक्टर से जुताई चल रही है। वर्ष 2014 में मोतिहारी की चुनावी सभा में कहा था कि मोतिहारी की बंद चीनी मिल को शुरू कराकर अगली बार मोतिहारी आगमन पर उसमें बनी चीनी की ही चाय पिएंगे।

प्रधानमंत्री जी छह वर्ष बाद मोतिहारी आए, लेकिन उस बंद चीनी मिल एवं चाय के बारे में कुछ नहीं बोले। आज देश में भाजपा तलवार बांटने में लगी है और हमारे नेता उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कलम बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और यहीं से ही देश की राजनीति में बदलाव हुआ है। अमित शाह चाहे हजार बार भी बिहार आ जाएं आइएनडीआइए गठबंधन को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

READ ALSO :

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 22 उम्मीदवारों की छठी सूची, महेश जोशी का टिकट कटा

Related Articles