धनबाद : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को धनबाद दौरे पर पहुंचीं। यहां उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए देश के विकास कार्यों की तारीफ की।
अन्नपूर्णा देवी ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इतनी भी समझ नहीं है कि कब, कहां और क्या बोलना चाहिए। कोई भी समझदार व्यक्ति विदेश जाकर अपने ही देश की बुराई नहीं करता। आज पूरी दुनिया भारत की तरक्की को देख रही है, लेकिन राहुल गांधी को यह सब दिखाई नहीं देता। क्योंकि उनका देखने का चश्मा ही अलग है। देश की जनता अब उन्हें अच्छी तरह समझ चुकी है, इसलिए उन पर ज्यादा बात करने का कोई फायदा नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के शानदार 12 साल पूरे किए हैं। यह केवल एक नारा नहीं है, बल्कि देश की जनता का भरोसा है।
झारखंड सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
अन्नपूर्णा देवी ने राज्य की झारखंड सरकार को घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए पूरा पैसा और मदद दे रही है, लेकिन यहां की सरकार उन योजनाओं को जमीन पर लागू करने में पूरी तरह फेल साबित हुई है।
उन्होंने राज्य सरकार की कमियों को सामने रखा। कहा कि जल जीवन मिशन के तहत केंद्र की पानी पहुंचाने वाली योजना झारखंड में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। यहां नौकरियों में धांधली हो रही है। राज्य में शिक्षा और परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ी हो रही है, जिससे युवाओं में भारी गुस्सा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास की कोई सही योजना (विजन) नहीं है, जिसका नुकसान यहां की जनता को उठाना पड़ रहा है। जब उनसे झारखंड सरकार द्वारा केंद्र से 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये मांगे जाने पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि केंद्र सरकार कभी भी मदद देने से पीछे नहीं हटती और लगातार सहायता दे रही है।
बेटियों की शिक्षा और ‘नीट’ परीक्षा पर बड़ी बातें
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने और उन्हें अच्छी शिक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है। स्कॉलरशिप और स्कूलों में बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे लड़कियां विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
वहीं, नीट (NEET) पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस मामले को लेकर बहुत गंभीर है। इस मामले की जांच सीबीआई (CBI) कर रही है और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य खराब न हो, इसके लिए बहुत जल्द दोबारा परीक्षा कराने का इंतजाम किया गया है।
अपने इस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर फूल माला चढ़ाकर उन्हें नमन भी किया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

